लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के घर को बम से उड़ाने की धमकी के बाद शुक्रवार को सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। आधिकारिक सूत्रों ...

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के घर को बम से उड़ाने की धमकी के बाद शुक्रवार को सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि उक्त धमकी उत्तर प्रदेश पुलिस की आपातकालीन सेवा डायल -१११ पर की गई थी। सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास और राज्य के कई अन्य स्थानों पर बमबारी की धमकी दी गई है। उन्होंने कहा कि इस धमकी भरे संदेश के बाद मुख्यमंत्री के पांच, कालिदास मार्ग स्थित आवास की सुरक्षा मजबूत कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के कई वरिष्ठ कैबिनेट मंत्रियों का भी कालिदास मार्ग पर निवास है।
सूत्रों ने बताया कि धमकी मिलने के बाद डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते की मदद से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के वीआईपी इलाकों में भी सघन चेकिंग कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, धमकी का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
अज्ञात व्यक्ति ने राज्य में 50 अलग-अलग जगहों पर बम विस्फोट करने की भी धमकी दी है। इससे पहले भी मुख्यमंत्री योगी को जान से मारने की धमकी दी जा चुकी है। पिछले महीने, कामरान नाम के एक व्यक्ति ने राज्य पुलिस के सोशल मीडिया हेल्पडेस्क को फोन किया और सीधे मुख्यमंत्री योगी को बम से उड़ाने की धमकी दी। कामरान मुंबई में रहता था और उसे महाराष्ट्र पुलिस के आतंकवाद निरोधी दस्ते ने गिरफ्तार किया था।
from UPUKLive